उत्तराखंड : 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाला एनजीओ संचालक गिरफ्तार

देहरादून में 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाला एनजीओ जगत जीवन ज्योति गुरुकुल नवादा के संचालक जनार्दन बिंजोला को देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया।


देहरादून में 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाला एनजीओ संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एनजीओ जगत जीवन ज्योति गुरुकुल नवादा के संचालक जनार्दन बिंजोला को देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने रविवार देर रात गिरफ्तार किया। एनजीओ के संचालक में बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप था। आरोपित को सोमवार दोपहर बाद कोर्ट के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

रविवार को एक महिला ने नेहरू कालोनी थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी दो बेटियां एनजीओ में पढ़ती हैं। एनजीओ का संचालक उनकी बड़ी बेटी के साथ पिछले एक महीने से दुष्कर्म करता आ रहा था। महिला की छोटी बेटी ने आरोपित को दुष्कर्म करते हुए देख लिया। रविवार को जब महिला अपनी बच्चियों से मिलने के लिए एनजीओ पहुंची तो उन्होंने आपबीती सुनाई। दूसरी ओर घटना से गुस्साई कुछ महिलाएं सोमवार को कोर्ट परिसर में पहुंच गईं। मेडिकल करवाने के बाद पुलिस जैसे ही आरोपित को कोर्ट लेकर पहुंची तो महिलाएं आरोपित को पीटने के लिए उसके पीछे दौड़ पड़ीं। पुलिस किसी तरह आरोपित को निजी वाहन से ले गई। इस दौरान महिलाओं ने आरोपित को फांसी की सजा देने की मांग की। समाज सेविका हेमा वोहरा ने कहा कि आरोपित ने कई बच्चियों के साथ गलत हरकत की है। इस मामले में पुलिस को गहनता से जांच करनी चाहिए।

कई महिलाएं शिकायत लेकर पहुंचीं थाने

आरोपित की गिरफ्तारी के बाद कई महिलाएं अब शिकायत दर्ज करवाने के लिए आगे आई हैं। हेमा वोहरा ने बताया कि सोमवार को पांच महिलाओं ने आरोपित पर बच्चियों के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया। इनमें एक महिला नैनीताल की भी शामिल है। पहले डर के मारे महिलाएं आगे नहीं आ रही थीं। थानाध्यक्ष राकेश गुसाईं ने बताया कि मामले में एक महिला को बयान दर्ज कराने के लिए थाने बुलाया है। मंगलवार को महिला के बयान दर्ज किए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments